10 चोरी की साइकिलें बरामद, आरोपी जेल भेजा गया
मुंगेली । मुंगेली पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर से साइकिल चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर 10 चोरी की साइकिलें बरामद की हैं। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी धनकुमार उर्फ धन्नू बांधड़े (27 वर्ष), निवासी हेडसपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कैसे हुआ खुलासा
प्रार्थी जयचंद सिंह पिता चंद्रप्रकाश सिंह, निवासी चोरहा बुंदेली ने 9 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 नवंबर की सुबह वह अपने रेंजर साइकिल (कीमत ₹5500) से इलाज कराने जिला अस्पताल गया था। इलाज के बाद लौटने पर उसने देखा कि उसकी साइकिल चोरी हो गई है। मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 499/25, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना से खुली चोरी की कड़ी
एसपी भोजराम पटेल ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि छोटी-छोटी चोरियों पर ध्यान देकर आम जनता में पुलिस की छवि मजबूत की जाए।
इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने शहरभर में मुखबिरों का जाल बिछाया।
पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम लालाकापा में एक व्यक्ति चोरी की साइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी धनकुमार बांधड़े को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने न केवल जिला अस्पताल से साइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की, बल्कि 9 अन्य स्थानों से भी साइकिलें चोरी करने की जानकारी दी।
कुल 10 साइकिल बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 10 साइकिलें बरामद कीं — जिनमें 6 रेंजर और 3 हीरो 22 इंच साइकिलें शामिल हैं। इनकी कुल कीमत लगभग ₹23,500 आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को 11 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस की अपील
मुंगेली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जो भी व्यक्ति अपनी चोरी हुई साइकिल पहचानते हों, वे साइकिल का बिल लेकर थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पहुंचकर अपनी साइकिल प्राप्त करें। साथ ही नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अपने घरों व दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, सउनि ईश्वर राजपूत, आरक्षक अजय चंद्राकर, विकास ठाकुर और योगेश यादव की अहम भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
