

ग्राम पंचायत की अभिनव पहल से किसानों को मिली राहत
मुंगेली/ विकासखंड मुंगेली अंतर्गत ग्राम पंचायत पालचुवा ने पशुधन प्रबंधन के क्षेत्र में एक अनुकरणीय पहल करते हुए स्वयं को “घुमंतु पशुधन मुक्त पंचायत” घोषित किया है। इस अभिनव कदम से न केवल किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान पर रोक लगी है, बल्कि सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका भी कम हुई है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की “गौ सेवा संकल्प अभियान” से प्रेरित होकर ग्राम पंचायत सरपंच, उपसरपंच, पंचगण एवं समस्त ग्रामीणों के सहयोग से लगभग 200 निराश्रित एवं घुमंतु पशुओं के लिए व्यवस्थित गौठान की स्थापना की गई है। गौठान में 100 ट्रैक्टर पैरा, हरा चारा एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही सौर ऊर्जा आधारित 5 एच.पी. का पावर पंप लगाकर पशुओं के लिए निरंतर जलापूर्ति सुनिश्चित की गई है।
उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. आर. एम. त्रिपाठी ने बताया कि लगभग 02 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित इस गौठान में पशुओं के विचरण हेतु पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया गया है, जिससे वे खुले में भटकने के बजाय सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण में रह सकें। ग्राम पंचायत सरपंच श्री विनय बंजारा की अगुवाई में इस पहल से बेसहारा एवं सड़कों पर छोड़े गए मवेशियों का बेहतर प्रबंधन, सेवा एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है। इस पहल के परिणामस्वरूप किसानों की फसलों को होने वाला नुकसान लगभग पूरी तरह समाप्त हो गया है, वहीं सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं में भी उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने बताया कि “गौ सेवा संकल्प अभियान से प्रेरित होकर विकासखंड पथरिया की ग्राम पंचायत धरदेई को भी घुमंतु पशुधन मुक्त पंचायत घोषित किया जा चुका है। पशुधन विभाग, मुंगेली द्वारा जिले की अन्य ग्राम पंचायतों से भी अपील की गई है कि वे इसी प्रकार जनसहयोग से गौठानों में घुमंतु पशुधन को संरक्षित रखें, जिससे किसानों की फसल, पशुधन एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

The News Related To The News Engaged In The Samvad Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
